ज्ञापन का असर: व्यापम रैंक सुधार के लिए पोर्टल OPEN, संयुक्त संचालक सरगुजा संभाग के निर्देश पर कार्रवाई—2022 नियुक्त शिक्षकों की पदोन्नति की मांग भी उठी
जशपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, जिला जशपुर द्वारा शिक्षक हित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में 2022 में नियुक्त टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपलब्ध ACR के आधार पर नियमानुसार पदोन्नति दिए जाने तथा वरिष्ठता सूची में हुई त्रुटियों के सुधार की मांग प्रमुखता से रखी गई। इस दौरान जिले के विभिन्न विकासखंडों से लगभग 150 से 200 शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञापन सौंपने के बाद अब व्यापम रैंक सुधार को लेकर बड़ी राहत की सूचना सामने आई है। संयुक्त संचालक, सरगुजा संभाग के निर्देशानुसार व्यापम संबंधी रैंक में सुधार करने का निर्देश दिया गया है तथा पोर्टल OPEN कर दिया गया है। इससे व्यापम रैंक में हुई त्रुटियों के सुधार का रास्ता साफ हो गया है।
प्रांतीय अध्यक्ष श्री धरमदास बंजारे एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रेमी ‘सरस’ जी के विशेष निर्देशन एवं सहयोग से यह कार्य संपन्न हुआ है। संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन, लगातार किए गए प्रयासों और अधिकारियों के समक्ष रखे गए तथ्यों के परिणामस्वरूप आज यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संघ ने इस पहल को शिक्षक हित में सकारात्मक कदम बताते हुए ज्ञापन सौंपने वाले समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई दी है।
2022 नियुक्त शिक्षकों की पदोन्नति की मांग
संघ ने मांग की कि 2022 में नियुक्त टीईटी उत्तीर्ण पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं को केवल कम सेवा अवधि के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया से वंचित न किया जाए। उपलब्ध ACR एवं अन्य संबंधित अभिलेखों के आधार पर उनके पदोन्नति प्रकरणों पर नियमानुसार विचार किया जाए।
जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि संघ की मांग नियमों के अनुरूप है। उपलब्ध अभिलेखों एवं ACR के आधार पर पात्र शिक्षकों को पदोन्नति का अवसर मिलना चाहिए। विभागीय पदोन्नति समिति से सभी तथ्यों एवं दस्तावेजों का निष्पक्ष परीक्षण कर उचित निर्णय लेने की अपेक्षा है।
वरिष्ठता त्रुटि सुधार की भी मांग
ज्ञापन में वरिष्ठता सूची में आई त्रुटियों के संबंध में भी अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया। संघ ने मांग की कि वरिष्ठता सूची का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक सुधार किया जाए, ताकि किसी भी पात्र शिक्षक के साथ अन्याय न हो।
जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार के निर्देश पर बगीचा ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती दिव्या ज्योति कुजूर एवं ब्लॉक सचिव श्रीमती गीता भगत द्वारा संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
शिक्षक संघ ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों से जुड़े विषयों को लेकर आगे भी शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं नियमानुसार तरीके से अपनी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाता रहेगा।
व्यापम रैंक सुधार के लिए पोर्टल OPEN होने की सूचना से शिक्षकों में खुशी का माहौल है। संघ ने संयुक्त संचालक, सरगुजा संभाग एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षक हित में महत्वपूर्ण पहल बताया है।


