व्यापम मेरिट से वरिष्ठता निर्धारण की मांग को लेकर शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

0

व्यापम मेरिट से वरिष्ठता निर्धारण की मांग को लेकर शिक्षक संघ ने खोला मोर्चा



प्रांतीय अध्यक्ष धरमदास बंजारे ने मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग एवं लोक शिक्षण संचालनालय को सौंपा ज्ञापन

जशपुर/रायपुर। 2019, 2023 एवं 2025 भर्ती के सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला एवं शिक्षक संवर्ग की वरिष्ठता व्यापम की प्रावीण्य (मेरिट) सूची के आधार पर निर्धारित किए जाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ ने शासन के समक्ष मजबूती से अपनी आवाज उठाई है।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्री धरमदास बंजारे ने मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर को ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठता निर्धारण में स्पष्टता एवं एकरूपता की मांग की।

संघ का कहना है कि 2019 से पूर्व वरिष्ठता निर्धारण में नियुक्ति/जॉइनिंग तिथि एवं जन्मतिथि को आधार बनाया जाता रहा है, जबकि 2019 के बाद व्यापम की परीक्षा एवं प्रावीण्य सूची के आधार पर चयन की व्यवस्था लागू हुई है। ऐसे में 2019, 2023 एवं 2025 भर्ती के शिक्षकों की वरिष्ठता भी व्यापम की मेरिट सूची के क्रम के आधार पर निर्धारित किया जाना न्यायसंगत है।



वरिष्ठता का सीधा असर पदोन्नति पर


संघ ने स्पष्ट किया है कि वरिष्ठता केवल एक प्रशासनिक सूची नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव पदोन्नति एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवा लाभों पर पड़ता है। यदि वरिष्ठता प्रभावित होती है तो पदोन्नति के अवसर प्रभावित होना भी लाजमी है। इसलिए वरिष्ठता निर्धारण में किसी भी प्रकार की विसंगति को दूर कर प्रदेशभर में एक समान व्यवस्था लागू किया जाना आवश्यक है।

संघ ने अपने पक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के आदेश क्रमांक एफ 12-22/2020/20-दो, दिनांक 15/09/2020 के बिंदु क्रमांक 8 का भी उल्लेख किया है, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों की वरिष्ठता व्यापम द्वारा जारी प्रावीण्य सूची के क्रम के अनुसार रहने का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।

जशपुर जिला इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका

इस मांग को मजबूती से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के समक्ष रखने में संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला सचिव विजय कुमार पैकरा एवं कोषाध्यक्ष अनुपमा कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला इकाई द्वारा लगातार शिक्षकों के सेवा हित से जुड़े इस विषय को गंभीरता से उठाते हुए शासन का ध्यान आकर्षित किया गया।

इसके साथ ही संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रेमी, जिला संरक्षक डॉ. मिथिलेश पाठक, कार्यकारी अध्यक्ष मधु पैकरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दादू प्रसाद चंदा, उपाध्यक्ष अजय कुमार, जानकी साहू एवं रामकुमार आदित्य, सह-सचिव मंजू भारती, संगठन प्रमुख आशीष शर्मा, प्रवक्ता सागर विश्वकर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य बंगला रात्रे, ज्योति चाणक्य एवं मनोहर टोप्पो सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी इस मांग का समर्थन किया।

विकासखंड इकाइयों ने भी दिखाई एकजुटता

वहीं संघ की विकासखंड इकाइयों से विकासखंड अध्यक्ष एवं सचिव साधना भारती, ममता पटेल, वेदमोती साव (कांसाबेल), अजय डडसेना अरविन्द वर्मा, अखिलेश्वरी साहू (फरसाबहार),नमिता नायक, कुसुमलता निषाद, देवमणि साहू (कुनकुरी) एवं देवकी प्रधान, अंजना यादव, अनुपा तिर्की (जशपुर), दिव्या ज्योति कुजूर, चंद्रेश साहू, गीता भगत ( बगीचा ), रविशंकर पैंकरा, क्रांति पैंकरा, सुनीता यादव ( पत्थलगांव ), महेन्द्र यादव, देवचरण यादव, ( मनोरा ), पुरुषोत्तम  नेताम, नीलू कुजूर, काजोल ध्रुवे ( दूलदुला)सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी वरिष्ठता निर्धारण की मांग के समर्थन में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

शिक्षक संघ ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक शिक्षक या एक जिले की नहीं, बल्कि प्रदेशभर के उन शिक्षकों के सेवा हित से जुड़ा विषय है, जिनकी वरिष्ठता का निर्धारण भविष्य की पदोन्नति एवं अन्य सेवा लाभों को प्रभावित करेगा।

संघ का स्पष्ट संदेश—मेरिट के साथ न्याय जरूरी

छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ ने शासन से मांग की है कि 2019, 2023 एवं 2025 भर्ती के शिक्षकों की वरिष्ठता व्यापम की प्रावीण्य सूची के आधार पर निर्धारित करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, ताकि प्रदेश में वरिष्ठता को लेकर किसी प्रकार की विसंगति न रहे और सभी शिक्षकों को समान एवं न्यायसंगत अवसर प्राप्त हो सके।

शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों के अधिकार, सम्मान एवं पदोन्नति के अवसरों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर संगठन पूरी मजबूती के साथ अपनी लड़ाई जारी रखेगा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ
जिला जशपुर, छत्तीसगढ़

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top