जशपुर में "जय हो कॉर्नर" का शुभारंभ: बाल संरक्षण, युवा जागरूकता एवं किशोर-किशोरी सशक्तीकरण अभियान को मिली नई दिशा

0

 

जशपुर में "जय हो कॉर्नर" का शुभारंभ: बाल संरक्षण, युवा जागरूकता एवं किशोर-किशोरी सशक्तीकरण अभियान को मिली नई दिशा

जशपुर। जिला प्रशासन, यूनिसेफ, एग्रीकोन समिति, पुलिस प्रशासन, समग्र शिक्षा, रानी दुर्गावती फाउंडेशन एवं विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयासों से संचालित "जय हो" जनजागरूकता अभियान को नई पहचान मिली है। जिला पंचायत कार्यालय के कक्ष क्रमांक-16 में "जय हो कॉर्नर" का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र जिले में संचालित सामाजिक जागरूकता अभियानों के संचालन, समन्वय, नवाचार एवं स्वयंसेवकों के मार्गदर्शन का प्रमुख केंद्र होगा।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पटनवार, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के तथा बाल संरक्षण विशेषज्ञ सुश्री चेतना देसाई के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

"जय हो" अभियान के स्वयंसेवक लंबे समय से जिले के विभिन्न गांवों में बाल संरक्षण, किशोर-किशोरी सशक्तीकरण, युवा नेतृत्व विकास, बाल विवाह उन्मूलन, मानव तस्करी रोकथाम, साइबर सुरक्षा, सिकल सेल जागरूकता, शिक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। "जय हो कॉर्नर" की स्थापना से इन गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुश्री चेतना देसाई ने कहा कि समाज में स्थायी परिवर्तन जनभागीदारी तथा युवाओं की सक्रिय भूमिका से ही संभव है। उन्होंने स्वयंसेवकों से बाल संरक्षण के क्षेत्र में संवेदनशीलता, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। उनके प्रेरक उद्बोधन ने उपस्थित स्वयंसेवकों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी संकेत मित्तल, अनुराधा जी, राष्ट्रीय सेवा योजना से शिवा भगत एवं मीनाक्षी, सरस्वती पाठक, चाइल्ड लाइन से अंजना चौहान, सिकल सेल कार्यक्रम से जानवी, विक्रम, रितु एवं उमा, नोनी सुरक्षा रथ से उषा जी, तथा रौनियार समाज एवं रौनियार दर्पण से सीमा गुप्ता, अभिलाषा गुप्ता एवं देवेंद्र गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

ब्लॉक समन्वयक गुरुदेव प्रसाद एवं पंकज यादव ने "जय हो कॉर्नर" को जिले के स्वयंसेवकों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केंद्र गांव-गांव तक जागरूकता अभियानों को नई गति प्रदान करेगा।

उद्घाटन के पश्चात अधिकारियों एवं अतिथियों को "जय हो" अभियान की विभिन्न गतिविधियों का फोटो प्रदर्शन कराया गया, जिसकी सभी ने सराहना की। अधिकारियों ने स्वयंसेवकों के समर्पण एवं कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता ने कहा कि "जय हो कॉर्नर" केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि जिले के सैकड़ों स्वयंसेवकों के वर्षों के समर्पण, सेवा और संघर्ष का सम्मान है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों की मेहनत और जनविश्वास के कारण ही यह उपलब्धि संभव हो सकी। एक स्वयंसेवक के रूप में सामाजिक कार्यों की शुरुआत कर जिला समन्वयक बनने तक की अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से इसी समर्पण के साथ समाजहित में कार्य करते रहने का आह्वान किया।

उन्होंने विशेष रूप से उन स्वयंसेवकों की उपलब्धियों का उल्लेख किया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों से जिले का गौरव बढ़ाया। अनुरूप तिग्गा का स्वयंसेवक से छत्तीसगढ़ पुलिस में चयन तथा रिंटा, शालू, नेहा, दीपक,विकास, सविता एवं कौशल्या को प्रतिष्ठित संस्थानों में इंटर्नशिप का अवसर मिलना इस अभियान की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि "जय हो" केवल एक जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि युवाओं को नेतृत्व, अवसर और नई पहचान प्रदान करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि "जय हो कॉर्नर" के माध्यम से जशपुर जिले के प्रत्येक गांव तक बाल संरक्षण, किशोर-किशोरी सशक्तीकरण, युवा जागरूकता, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं मानव तस्करी रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top