जुलाई में मिली अतिरिक्त वेतन वृद्धि की राशि अगस्त के वेतन में समायोजित करने की मांग
शिक्षक संघ ने कहा—वेतन निर्धारण में पारदर्शिता जरूरी, जनवरी 2027 की वृद्धि नियमानुसार देने की मांग
कुनकुरी, 13 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, विकासखंड कुनकुरी ने शिक्षकों को जुलाई 2026 में प्रदान की गई अतिरिक्त वेतन वृद्धि की राशि को अगस्त 2026 के वेतन में समायोजित करने की मांग की है। इस संबंध में संघ द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कुनकुरी को लिखित आवेदन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया गया है।
संघ ने अपने पत्र में बताया है कि संबंधित शिक्षकों की नियुक्ति जून 2022 में हुई है तथा नियमानुसार उनकी वेतन वृद्धि का महीना जनवरी है। जनवरी 2026 में वेतन वृद्धि प्राप्त हो चुकी है, इसलिए अगली वेतन वृद्धि जनवरी 2027 में देय है। इसके बावजूद जुलाई 2026 में अतिरिक्त वेतन वृद्धि की राशि प्रदान कर दी गई, जो निर्धारित वेतन वृद्धि क्रम के अनुरूप नहीं है।
शिक्षक संघ ने मांग की है कि जुलाई 2026 में प्रदान की गई अतिरिक्त वेतन वृद्धि की राशि का अगस्त 2026 के वेतन में समायोजन किया जाए तथा जनवरी 2027 में नियमानुसार वेतन वृद्धि प्रदान की जाए। संघ का कहना है कि इससे वेतन निर्धारण में पारदर्शिता बनी रहेगी और भविष्य में वेतन संबंधी किसी प्रकार की विसंगति उत्पन्न नहीं होगी।
संगठन ने उठाया कर्मचारियों के हित का मुद्दा संघ ने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी कर्मचारी को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि नियमसम्मत वेतन निर्धारण और भविष्य में होने वाली वेतन संबंधी विसंगतियों को रोकने के उद्देश्य से की गई है। समय रहते अतिरिक्त राशि का समायोजन होने से भविष्य में वेतन निर्धारण को लेकर भ्रम की स्थिति भी नहीं बनेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, विकासखंड कुनकुरी की अध्यक्ष नमिता नायक, सचिव कुसुम लता निषाद, जिला उपाध्यक्ष अजय वर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पत्र में संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उषा रानी टोप्पो, उपाध्यक्ष संदीप राम, सह सचिव शोभावती साव, कोषाध्यक्ष संध्या मिरी, सह कोषाध्यक्ष दीपक राम , संगठन प्रभारी ज्योति कंवर, मीडिया प्रभारी मनीष कुमार कंवर, शैक्षिक प्रभारी वंदना मिंज तथा प्रवक्ता देवमणी साहू सहित कार्यकारिणी सदस्यों की ओर से भी इस मांग को समर्थन दिया गया है। जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार ने ब्लॉक पदाधिकारीयों को हार्दिक शुभकामनायें प्रेषित किये हैं।
संघ ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी से मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए अगस्त 2026 के वेतन में अतिरिक्त राशि का समायोजन करने तथा आगामी वेतन वृद्धि को नियमानुसार सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

